जौनपुर। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष विक्रम गुप्त के नेतृत्व में विश्व तम्बाकू निषेद्य दिवस पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण व दवा वितरण शिविर का आयोजन ग्रामसभा सिकन्दरपुर में हुआ। इस मौके पर जनपद के कुशल चिकित्सकों ने 278 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करके दवा वितरण किया गया। दन्त रोग विशेषज्ञ डा. गौरव प्रकाश मौर्य ने तम्बाकू से होने वाली बीमारियों पर विस्तृत जानकारी देते हुये बताया तम्बाकू, गुटखा, दोहरा खाने वालों में सबसे ज्यादा मुख कैंसर के रोगी पाये जाते हैं। इसके मुख्य लक्षण दांतों से लगातार खून आना, मुंह में बार-बार छाले पड़ना, मुंह का कम खुलना आदि है। ऐसे लक्षण मे तुरन्त चिकित्सक से सम्पर्क करें जिससे समय से दवा व बचाव द्वारा इलाज किया जा सके। इसमें डा. मुकेश शुक्ला बाल रोग विशेषज्ञ, डा. शिखा शुक्ला स्त्री रोग विशेषज्ञ, डा. पीके सिंह जनरल फिजीशियन होमियोपैथ व डा. केके सिंह नेत्र रोग विशेषज्ञ आदि ने भी मरीजों को अन्य जटिल बीमारियों से बचने का उपाय बताया। इस अवसर पर अवधेश गिरि, अमित निगम, महेन्द्र प्रताप चौधरी, संजय मौर्या, सतीश, ओम प्रकाश अग्रहरि, राजेन्द्र प्रसाद अग्रहरि, लालमन यादव, शिवचन्द यादव, जयसिंह यादव, ओम प्रकाश यादव, राजकुमार पटेल, विनोद पाल, आकाश विश्वकर्मा, हरिओम आनन्द आदि मौजूद रहे। शिविर के संयोजक ग्राम प्रधान स्वामी गुलाब चन्द महराज ने आभार जताया।
--------------------------------------------
केराकत विधायक ने 10 लोगों को शासन से दिलवायी साढ़े 17 लाख रूपये की मदद
जौनपुर। जनपद के केराकत विधायक गुलाब चन्द्र सरोज ने क्षेत्र के 11 और मरीजों को सरकारी धन मुहैया करवाया। यह धन मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दिलवाया गया। शासन से मिली जानकारी के अनुसार लारस टाइगर निवासी बोदरी-केराकत को कैंसर उपचार हेतु 1 लाख रूपये, राजनाथ राम निवासी मढ़ी-केराकत को कैंसर उपचार हेतु 1 लाख रूपये, मनोज गुप्ता निवासी सिपाह-केराकत को हृदय उपचार हेतु 2 लाख 10 हजार रूपये, महिमा निवासी पसेवा-केराकत को हृदय उपचार हेतु 1 लाख रूपये, डाली निवासी बेहड़ा-केराकत को उपचार हेतु 50 हजार रूपये, जनार्दन मिश्र निवासी कटका-केराकत को कैंसर उपचार हेतु 3 लाख रूपये, जंग बहादुर सिंह निवासी तेजी बाजार-बदलापुर को किडनी प्रत्यारोपण हेतु 5 लाख रूपये, अंजली यादव निवासी कुसैला-केराकत को ब्लड कैंसर उपचार हेतु 1 लाख 50 हजार रूपये, रामलखन निवासी चिटको-केराकत को उपचार हेतु 40 हजार रूपये और केदार निवासी कोपा-केराकत को कैंसर उपचार हेतु 2 लाख रूपये की धनराशि उपलब्ध हुई है। इस बाबत विधायक श्री सरोज से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि कुल 10 लोगों को विभिन्न रोगों के उपचार हेतु मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से कुल 17 लाख 50 हजार रूपया उपलब्ध करवाया गया है।
--------------------------------------------
ग्रीष्मकालीन चित्रकला शिविर आयोजित
जौनपुर। कला द्वारा भाव अभिव्यक्ति एवं सौंदर्य मूर्ति का चित्रण होता है। आज आधुनिक युग में पग-पग पर कला की आवश्यकता है। उक्त बातें राज्य ललित कला अकादमी द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन चित्रकला शिविर के शुभारम्भ अवसर पर उपजिलाधिकारी रमाकांत वर्मा ने कही। 1 से 30 जून तक चलने वाला यह शिविर शाहगंज नगर के आदर्श शान्ति शिक्षा संस्थान में आयोजित है। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल एवं आगंतुकों के प्रति आभार प्रबन्धक छेदी लाल वर्मा ने ज्ञापित किया। इस अवसर पर लखनऊ से आये अनिल के. साधु, उमेश गुप्ता, सभासद हनुमान प्रसाद, छात्र कुसुमलता, जितेन्द्र, सुजीत, अजीत, आरके पाल, इन्द्राज, डा. देवी प्रसाद गौतम, सीएल वर्मा, राजाराम, नौशाद अंसारी सहित अन्य उपस्थित रहे।
