गत २ मार्च को ग्राम दिघौरी, गरठिया, मारबोड़ी सहित आसपास स्थित अनेक ग्रामों के महिला, पुरूषों द्वारा माँ वैनगंगा की पवित्र मिट्टी का उपयोग कर २२ लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण पूरी श्रद्धा के साथ किया गया। दोपहर २ बजे से इसी आयोजन स्थल में आयोजित गीता ज्ञान यज्ञ में व्यास पीठ पंडित रविशंकर जी शास्त्री द्वारा उपस्थित हजारो धर्मावलंबियों को सरल शब्दों में गीता में उल्लेखित श्लोकों की जानकारी देते हुए बताया कि भगवान कृष्ण ने अर्जुन को इस बात के लिए प्रेरित किया था कि वे युद्ध धर्म की रक्षा के लिए कर रहे हैं।
ज्ञात रहे कि आगामी ४ मार्च की शाम पूज्यपाद जगद्गुरू शंकराचार्य जी ग्राम दिघौरी पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे इस दौरान होने वाले पार्थिव शिवलिंग का निर्माण एवं गीता ज्ञान यज्ञ समारोह में अपने दर्शन देंगे। हिंगलाज सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मीमणी शास्त्री जी के नेतृत्व व निर्देशन में हो रहे इस आयोजन में गत २ मार्च को जिला ब्राम्हण समाज की महिला शाखा द्वारा अपनी सहभागिता निभाते हुए पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया।
आज प्रात: ८ बजे से ही शिवलिंग निर्माण स्थल पर हजारो श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव के साथ पहुंचे, जहां वेदपाठी प्रकाण्ड पंडितों द्वारा उच्चारित मंत्रों के बीच २२ लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया गया। इस दौरान शिवलिंग का विधि-विधान के साथ अभिषेक भी संपन्न करवाया गया।

