आज स्थापित होगा विश्व का सबसे ऊंचा रावण का पुतला

बराड़ा। श्री रामलीला क्लब, बराड़ा, अंबाला द्वारा निर्मित किया जाने वाला विश्व का सबसे ऊंचा रावण का पुतला दशहरा ग्राऊंड बराड़ा में आज 5 अक्तूबर को स्थापित कर दिया जाएगा। सामाजिक बुराईयों का प्रतीक यह विशालकाय पुतला 11 अक्तूबर तक आम लोगों के दर्शनार्थ खड़ा रहेगा। श्री रामलीला क्लब बराड़ा के संयोजक तनवीर जाफरी ने बताया कि पहले की भांति इस वर्ष भी इस विशालकाय पुतले का निर्माण व निर्देषन क्लब के संस्थापक अध्यक्ष तेजिंद्र सिंह चौहान द्वारा किया गया है। जाफरी ने बताया कि इस वर्ष के पुतले की ऊंचाई हालांकि 210 फुट ही निर्धारित की गई है पंरतु इस वर्ष इस पुतले के वज़न को पहले से कुछ कम करने का प्रयास किया गया है। पुतले के निर्माण में लोहा, बांस, कपड़ा, कागज़, फाईबर, बिजली की सामग्री, आतिशबाज़ी टाट, सूतली तथा लेई आदि का प्रयोग किया गया है।
इस पुतले के स्थापित होने के समाचार के साथ ही हरियाणा तथा आसपास के राज्यों के लोग खासतौर पर बच्चे बड़ी संख्या में इस विशाल पुतले का दर्शन करने हेतु यहां पहुंचते हैं। यह लोग रावण के पुतले के साथ अपनी फोटो खिंचवाते हैं। गौरतलब है कि रावण के विशालकाय पुतले की पृष्ठभूमि में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष बराड़ा महोत्सव 7 से 11अक्तूबर तक बराड़ा में आयोजित होगा। पांच बार लिम्का रिकॉर्ड हासिल करने वाले इस विशालकाय पुतले की पृष्ठभूमि में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय बराड़ा महोत्सव की शुरुआत 7 अक्तूबर को सायंकाल हरियाणा साहित्य अकादमी के सहयोग से आयोजित किए जाने वाले अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन से होगी। जिसमें देश के प्रसिद्ध कवि युसुफ भारद्वाज, डा० अशोक बतरा, महेंद्र शर्मा, मास्टर महेंद्र, सत्यदेव हरियाणवी, हलचल हरियाणवी तथा आलोक भंडोरिया आदि कविगण भाग लेंगे। 
8 अक्तूबर की शाम को उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, एनज़ेडसीसी के सहयोग से प्रसिद्ध पंजाबी गायक रौशन प्रिंस अपना संगीतमय कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसी प्रकार 9 अक्तूबर की शाम उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, एनज़ेडसीसी के सहयोग से ही एक और मशहूर पंजाबी पॉप गायक अनादि मिश्र के सुरों से सजाई जाएगी। जबकि 10 अक्तूबर की शाम को उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र व गुरूनानक इंस्टीच्यूट जीएनआई के सहयोग से मशहूर सूफी गायक मानक अली अपनी लाईव प्रस्तुति देकर एक बार पुन: बराड़ा महोत्सव की शोभा बनेंगे। 11 अक्तूबर 2016 विजयदशमी के दिन श्री रामलीला क्लब बराड़ा एवं एमएम विश्वविद्यालय के सहयोग से क्लब के संस्थापक अध्यक्ष राणा तेजिंद्र सिंह चौहान के निर्देशन में तैयार किया गया 210 फीट का विश्व का सबसे ऊंचा रावण का पुतला लाखों दर्शकों के समक्ष रिमोट का बटन दबाकर अग्रि की भेंट कर दिया जाएगा।
रावण दहन के कार्यक्रम में रावण दहन के समय आतिशबाज़ी का आकर्षक रंगाारंग नज़ारा देखने को मिलेगा। क्लब के पदाधिकारियों ने बराड़ा महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उपरोक्त सभी कार्यक्रमों में बिना किसी प्रवेश पत्र के भाग लिया जा सकेगा। क्लब द्वारा बुलाए गए पत्रकार सम्मेलन में क्लब के पदाधिकारी व सदस्यगण उपस्थित थे। संयोजक तनवीर जाफरी ने बताया कि इस वर्ष का पुतला जहां तमाम सामाजिक बुराईयों का प्रतीक होगा वहीं विशेष रूप से इस पुतले को आतंकवाद जैसी विश्व की वर्तमान सबसे बड़ी बुराई को समर्पित किया जाएगा। 

Report- तेजिंद्र चौहान

www.rainbownews.in 

Post a Comment

Previous Post Next Post